ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

महिला रेल अफसर का कार्यालय में बनाया वीडियो, सोसायटी में गार्ड से मारपीट

पिता को वीडियो भेजकर अपहरण की धमकी देने का आरोप, गोरखपुर थाने में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

जबलपुर, 4 अक्टूबर। पश्चिम मध्य रेलवे में पदस्थ 31 वर्षीय महिला अधिकारी को कथित तौर पर परेशान करने और उनका चोरी से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती और युवक ने पहले महिला अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया, फिर उनकी सोसायटी में पहुंचकर सुरक्षा गार्ड से मारपीट की। इसके बाद महिला अधिकारी के जयपुर निवासी पिता को वीडियो भेजकर उन्हें अगवा करने की धमकी देने का भी आरोप है। परेशान महिला अधिकारी ने शनिवार को गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टेंडर के बहाने आया था संदेश

पुलिस के अनुसार महिला अधिकारी के सरकारी नंबर पर 22 अप्रैल को वाट्सऐप संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने टेंडर के संबंध में बातचीत करने की बात कही। महिला अधिकारी ने कार्यालयीन समय में बात करने की बात कहते हुए बातचीत समाप्त कर दी।

18 सितंबर को एक युवती सामान से संबंधित जानकारी लेने महिला अधिकारी के कार्यालय पहुंची। अधिकारी ने उसे संबंधित विभाग भेज दिया। इसके बाद 21 सितंबर को वही युवती दोबारा कार्यालय पहुंची और फल लेकर आई। महिला अधिकारी ने फल लेने से मना कर दिया। इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर उनका वीडियो बना लिया।

सोसायटी में गार्ड से विवाद

पुलिस के मुताबिक इसके बाद युवती एक युवक के साथ महिला अधिकारी की सोसायटी में पहुंचने लगी। दोनों करीब चार-पांच दिनों तक उनसे मिलने का प्रयास करते रहे। सोसायटी के पदाधिकारियों ने महिला अधिकारी को इसकी जानकारी दी। दोनों टेंडर के संबंध में अधिकारी से मिलने की बात कहते थे। गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोका तो उसके साथ मारपीट करने का आरोप है।

पिता को भेजा वीडियो

महिला अधिकारी के अनुसार आरोपितों ने उनके पिता को वही वीडियो भेजा और फोन कर महिला अधिकारी को अगवा करने की धमकी दी। पिता के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अप्रैल में आए संदेश समेत कार्यालय तथा सोसायटी में हुई गतिविधियों के बीच संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button