सेवा सेतु शिविरों में विधायक रामनिवास शाह ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता—विधायक रामनिवास शाह

तीनों शिविरों में 743 आवेदन दर्ज, मौके पर ऑनलाइन पंजीयन के साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाओं का वितरण
सिंगरौली, । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। विधायक श्री रामनिवास शाह ने शिविरों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नागरिकों को शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से शिविरों में एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही तत्काल ऑनलाइन पंजीयन किया गया। आयोजित शिविरों में कुल 743 आवेदन दर्ज किए गए। विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की गई। साथ ही स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंजेह के प्रतिभावान विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की गई। कक्षा 12वीं कला संकाय के छात्र मो. समीम ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें राज्य शासन की ओर से स्कूटी प्रदान की गई। कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा मुस्कान ने बालिका वर्ग में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें भी राज्य शासन की ओर से स्कूटी प्रदान की गई। वहीं छात्र दीपक गौतम ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी में तृतीय स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कुल 91 पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 15 पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत 45 हितग्राहियों को हितलाभ तथा 31 वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं कल्याणी हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ प्रदान किया गया। शिविरों का नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गोयल, उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने भी अवलोकन किया। आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहे तथा नागरिकों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं। शिविर में पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार,तहसीलदार सविता यादव, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।













