बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने 273 आवेदनों पर की जनसुनवाई

आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

सिंगरौली, 6 अक्टूबर 2026/ कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 273 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।कलेक्टर श्री बैनल ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार एवं पात्रतानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए आवेदक को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों पर की गई कार्रवाई से आवेदकों को अवगत कराने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरण, जिनका निराकरण उनके स्तर से संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न हो तथा आवश्यकता होने पर संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्बरौलिया, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button