एलटीटी-समस्तीपुर-एलटीटी के बीच चलेगी एसी स्पेशल ट्रेन, नरसिंहपुर और मदनमहल में रहेगा हाल्ट
दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों को मिलेगी सुविधा, दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी ट्रेन

जबलपुर। आगामी त्योहारों दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और समस्तीपुर जंक्शन के बीच साप्ताहिक वातानुकूलित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के नरसिंहपुर और मदनमहल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
13 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा
गाड़ी संख्या 01043 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-समस्तीपुर जंक्शन साप्ताहिक एसी स्पेशल 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को एलटीटी से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 11:56 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना होते हुए बुधवार रात 11:45 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंचेगी। इस दिशा में ट्रेन के छह फेरे होंगे।
वापसी में गाड़ी संख्या 01044 समस्तीपुर-एलटीटी साप्ताहिक स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को समस्तीपुर से सुबह 3 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी, मदनमहल, नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी होते हुए शुक्रवार दोपहर 3:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी छह सेवाएं संचालित होंगी।
22 कोच की होगी ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे। इनमें 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 18 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 जनरेटर कार शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
ट्रेन दोनों दिशाओं में ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र जंक्शन, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान मुंबई, मध्य प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।













