देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

काजीरंगा नेशनल पार्क का नया पर्यटन सीजन शुरू, जीप सफारी बहाल; हाथी सफारी के लिए करना होगा इंतजार

2026-27 के पर्यटन सीजन में देश-विदेश के पर्यटकों की बढ़ेगी आवाजाही, फिलहाल रोजाना दो समय जीप सफारी की सुविधा

असम। काजीरंगा नेशनल पार्क 2026-27 के नए पर्यटन सीजन के लिए पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। पार्क खुलने के साथ ही जीप सफारी भी बहाल कर दी गई है। इसके बाद देश-विदेश से पहुंचने वाले पर्यटकों को एक बार फिर काजीरंगा के जंगलों और वन्यजीवों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।

पार्क के नए पर्यटन सीजन के शुभारंभ के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

रोजाना दो समय होगी जीप सफारी

काजीरंगा में फिलहाल जीप सफारी के लिए प्रतिदिन दो स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। सुबह की सफारी सुबह 7:30 से 10 बजे तक और दोपहर की सफारी दोपहर 1:30 से 3 बजे तक होगी। निर्धारित समय में पर्यटक पार्क के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।

हाथी सफारी के लिए अभी इंतजार

हाथी सफारी फिलहाल शुरू नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक इसकी तैयारियां जारी हैं और अगले 10 से 20 दिनों में इसे शुरू किए जाने की उम्मीद है। हाथी सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों को यात्रा से पहले इसकी उपलब्धता की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

काजीरंगा एक सींग वाले भारतीय गैंडे के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां हाथी, जंगली भैंसा, हिरण समेत कई वन्यजीव और बड़ी संख्या में पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। मानसून के दौरान पार्क को वन्यजीव संरक्षण और व्यवस्थाओं की तैयारियों के लिए कुछ समय बंद रखा जाता है।

पर्यटन मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने नए सीजन में पर्यटकों की अच्छी संख्या पहुंचने की उम्मीद जताई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती बुकिंग के रुझान उत्साहजनक हैं। पर्यटन और वन विभाग के समन्वय से पर्यटकों की सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और नए आकर्षणों को विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button