रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव: 5 फीट नीचे गिरने से मौत का अंदेशा
मानसिक रूप से था परेशान

सिंगरौली- जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीटीआई रेलवे क्रॉसिंग के समीप सोमवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त चकरिया निवासी पवन उर्फ छोटू पनिका (पिता संतधारी पनिका) के रूप में की गई है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता था और उसका आना-जाना अक्सर रेलवे ट्रैक के पास वाले रास्ते से ही होता था। हादसे की शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि रेलवे ट्रैक के पास से गुजरते वक्त युवक का संतुलन बिगड़ गया होगा। आशंका जताई जा रही है कि असंतुलित होकर करीब पांच फीट नीचे गिरने की वजह से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
मोरवा निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की सघन जांच में जुटी हुई है।













