बेकाबू कार ने खड़ी बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचा चालक

सिंगरौली- जिले के जियावन थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह सड़क हादसे की एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां ड्राइविंग के दौरान नींद की झपकी आने से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से जा टकराई। गनीमत यह रही कि इस भीषण टक्कर में कार चालक दीपांशु गुप्ता बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, शक्तिनगर निवासी दीपांशु गुप्ता अपनी कार (एमपी 17 सीसी 1686) से प्रयागराज से वापस लौट रहे थे। जियावन क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते समय उन्हें अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे कार पर से उनका नियंत्रण खो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और सड़क किनारे खड़ी बोलेरो (एमपी 53 सीए 7531) दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी बीच, समाजसेवी अतुल पाठक ने मौके पर पहुंचकर मामले में हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। उनके प्रयासों से दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसमें बोलेरो के नुकसान की भरपाई करने पर रजामंदी बनी।
मामले की सूचना पाकर जियावन थाना प्रभारी एलएन द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दोनों वाहन चालकों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर आपसी बातचीत चल रही है। यदि पुलिस को इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













