बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल की सीएसआर पहल से सिंगरौली में एथलेटिक्स को मिलेगा बढ़ावा

जिला एथलेटिक्स संघ को मिली आधुनिक खेल सामग्री, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर

सिंगरौली। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में एथलेटिक्स को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की गई है। एनसीएल हेडक्वार्टर सिंगरौली के सीएसआर सहयोग से प्राप्त अत्याधुनिक एथलेटिक्स खेल सामग्री पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला एथलेटिक्स संघ को सौंपा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। खेल सामग्री उपलब्ध होने से जिले के खिलाड़ियों को एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के लिए बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे जिला, संभाग, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिलती है। पुलिस और खेल विभाग की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से प्राप्त सामग्री का उपयोग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खिलाड़ियों के अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आधुनिक खेल उपकरणों के साथ अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।

सीएसआर के तहत उपलब्ध कराई गई सामग्री में हाई जंप पिट, हर्डल, विभिन्न भार के जैवलिन, डिस्कस, शॉटपुट और हैमर, हाई जंप स्टैंड, क्रॉस बार, स्टार्टिंग ब्लॉक, लॉन्ग जंप टेक-ऑफ बोर्ड, रिले बैटन, मेडिसिन बॉल और स्टॉप वॉच सहित अन्य खेल उपकरण शामिल हैं।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी, ब्लॉक समन्वयक बैढ़न राकेश कुमार मिश्रा, भूपेन्द्र शर्मा, कुलदीप सिंह, एनसीएल हेडक्वार्टर के सीएसआर मैनेजर राजाराम यादव तथा जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रणधीर सिंह एवं सचिव जसविंदर सिंह उपस्थित रहे।

खेल सामग्री मिलने से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। यह पहल युवाओं को खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने की दिशा में उपयोगी कदम मानी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button