बिना हेलमेट मिले वाहन चालकों को दिए 75 हेलमेट
चूनकुमारी स्टेडियम तिराहा में यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान, एसपी षियाज के.एम. ने हेलमेट पहनाकर दिलाया सुरक्षित सफर का संकल्प

सिंगरौली। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। चूनकुमारी स्टेडियम तिराहा में दोपहिया वाहन चालकों की जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाते मिले लोगों को केवल चालानी कार्रवाई करने के बजाय हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर कुल 75 हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि चालक और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान हेलमेट प्राप्त करने वाले वाहन चालकों ने भविष्य में दोपहिया वाहन चलाते समय हर बार हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। उन्होंने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों को पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। यातायात संकेतों का पालन करने की भी अपील की गई।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी रोशनी केसरवानी, सूबेदार आशीष तिवारी, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, विनय सिंह, पुष्पेंद्र चतुर्वेदी, आरक्षक प्रवेश, पवन सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य चालानी कार्रवाई के साथ लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और व्यवहार में बदलाव लाना है।











