बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने जन आरोग्य मंदिर तियरा का किया निरीक्षण

एनीमिक महिलाओं को चिन्हित कर उपलब्ध कराएं उचित उपचार,

गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराएं, स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई एवं स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करें

सिंगरौली। जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जन आरोग्य मंदिर तियरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को चिन्हित कर उनकी स्वास्थ्य जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराकर उनका समुचित उपचार एवं पोषण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता को भी कुपोषण के लक्षणों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जाए। बच्चों में कुपोषण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को सूचित करने के लिए अभिभावकों को समझाइश दी जाए, ताकि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रसव केंद्र का भी अवलोकन किया तथा साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं का प्रसव संस्थागत रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल हो सके। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित मानकों के अनुरूप मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा केंद्र में पदस्थ समस्त स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Author

Related Articles

Back to top button