बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बाघाडीह में नाबालिगों के साथ मारपीट और आधा सिर मुंडवाने का आरोप, पीड़ित परिवारों ने लगाई न्याय की गुहार

घर से बच्चों को जबरन ले जाकर बंधक बनाने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; बरगवां पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का भी दावा

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बाघाडीह में 3 नाबालिग बच्चों के साथ कथित मारपीट, बंधक बनाने और आधा सिर मुंडवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली और अजाक थाना बैढ़न में शनिवार १० अक्टूबर को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायती आवेदन के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर 2026 की है। बाघाडीह निवासी उर्मिला साकेत, जगदीश साकेत, हरिश्चंद्र साकेत और नंदलाल साकेत ने आरोप लगाया है कि गोविंद सिंह, बलराम सिंह, इंद्रभान सिंह, हरिनारायण बैस, उनके नाबालिग बच्चों लवकुश कुमार, करन साकेत और रामलाल साकेत को घर से जबरन ले गए। परिजनों का आरोप है कि बच्चों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके आधे बाल मुंडवा दिए गए। पीड़ित पक्ष का अरोप है कि आरोपी गोविन्द सिंह गोड़ अवैध तरीके से रेत का धंधा करता है तथा उसकी पकड़ बड़े बड़े लोगों से है। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि घटना की शिकायत लेकर बरगवां थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें डांटकर भगा दिया और उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से बच्चे भयभीत हैं और डर के कारण स्कूल नहीं जा रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परिवारों ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। अब मामले में पुलिस की जांच और संबंधित अधिकारियों के आधिकारिक पक्ष के सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button