मैहर दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो नदी में गिरी, 2 की मौत, 4 गंभीर
चित्रकूट में रविवार तड़के हुआ हादसा, पैदल तीर्थयात्रियों ने नदी में उतरकर लोगों को बचाया

सतना, 11 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में रविवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नदी में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी थे और मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। नदी में बोलेरो गिरते देख वहां से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्री तत्काल मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने नदी में उतरकर वाहन सवार लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को चित्रकूट के जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सुनील गुप्ता (50) और हिमांशु सिंह सेंगर (30) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घायलों की हालत में सुधार होने पर उनके बयान दर्ज करेगी।













