बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित

त्योहारों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बेदखली के आदेशो का पालन करने के निर्देश

छात्रावासों एवं आश्रमों का होगा औचक निरीक्षण, मॉडल रोड और मेडिकल कॉलेज सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत बरदी में आयोजित होगा जन विश्वास शिविर

सिंगरौली,  कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, लंबित शिकायतों के निराकरण, विकास कार्यों की प्रगति, छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें। संबंधित थाना स्तर पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने बेदखली एवं विवादित रास्तों से संबंधित आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा रास्तों पर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टों के पंजीयन की कार्रवाई निरंतर जारी रखने और सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार निःशुल्क पट्टा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में संचालित छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कराने के लिए अधिकारियों को संस्थान आवंटित कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने आवंटित छात्रावासों एवं आश्रमों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा व्यवस्था तथा अधोसंरचना की स्थिति का परीक्षण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर बरगवां में पंप के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को दिए। साथ ही छात्रावासों में डीएमएफ मद से उपलब्ध कराई गई रोटी मेकर मशीनों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए जांच दल गठित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को मॉडल रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा योजनाबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को मेडिकल कॉलेज सड़क निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने अधीनस्थ क्षेत्रीय कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने चितरंगी विकासखंड के बरदी में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणजन शिविर की जानकारी प्राप्त कर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़ी लंबित सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान सभी जिला अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर दो दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने तथा प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

Author

Related Articles

Back to top button