बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने की नगरीय क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा

मॉडल रोड का निर्माण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के दिए निर्देश

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित कर नगरीय क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।आयुक्त श्रीमती प्रधान ने राजीव चौक से इंद्रा चौक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड के डामरीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निरंतर जारी रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, वर्षा के कारण नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कराकर शीघ्र मरम्मत कराने तथा सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं अस्पतालों के आसपास की सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को आवागमन में असुविधा न हो।

बैठक में आयुक्त ने राजमाता चून कुमारी स्टेडियम के समतलीकरण एवं ट्रैक निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होने त्योहारों के दृष्टिगत नगरीय क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई कराने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई, उपायुक्त आर.पी. बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button