बरगवां पुलिस की तत्परता: अनपरा (उ.प्र.) से अपहृत नाबालिग सकुशल बरामद, आरोपी भेजा गया जेल

सिंगरौली:बरगवां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के अनपरा से एक 17 वर्षीय अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बड़ोखर निवासी एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर परिजनों की रिपोर्ट पर बरगवां थाने में अपराध क्रमांक 703/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंगरौली पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए ग्राम धुर्वाह (थाना अनपरा, सोनभद्र, उ.प्र.) में दबिश देकर बालिका को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(m), 87 और 5/6 पॉक्सो एक्ट बढ़ाते हुए आरोपी विनयलाल साकेत (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।













