नवानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर तत्काल दर्ज किया गया मामला, न्यायालय के आदेश पर आरोपी जिला जेल पचौर भेजा गया

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर महिला के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना नवानगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि उसके पति के साथ एसी रिपेयरिंग का काम करने वाले परिचित दिनेश कुमार वर्मा, निवासी ग्राम इटमा, ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के संबंध में जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर नवानगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) एवं 353(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नवानगर राजेंद्र प्रसाद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार वर्मा (39 वर्ष), पिता दादेराम वर्मा, निवासी ग्राम इटमा, थाना नवानगर, जिला सिंगरौली को अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से आवश्यक पूछताछ की गई और जिला अस्पताल बैढ़न में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय बैढ़न के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जगदीश तिवारी एवं बृजेंद्र यादव, आरक्षक सौरभ सिंह, प्रशांत सिंह बघेल, विकास तोमर तथा महिला आरक्षक प्रियंका मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिंगरौली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की।













