मध्य प्रदेशसिंगरौली

13 वर्षीय दुष्‍कर्म पीडि़ता ने दिया बेटी को जन्‍म, दुष्कर्म का आरोपी धराया

सिंगरौली-मोरवा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक शातिर अपराधी द्वारा एक 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक राकेश साकेत 19 वर्ष निवासी मुहेर ने नाबालिग किशोरी को पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया, उसके बाद बालिका के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसी बीच बालिका गर्भवती हो गई, जिसकी जानकारी उसके परिजनों को भी नहीं हुई। बुधवार को बालिका ने पेट दर्द की शिकायत की तो परिजन उसे लेकर मोरवा अस्पताल पहुंचे, जहां पर उसने एक बेटी को जन्म दिया। नाबालिग द्वारा बेटी को जन्म दिए जाने की सूचना तत्काल मोरवा पुलिस को दी गई। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने बताया कि राकेश उसके साथ कई महीनों से दुष्कर्म कर रहा था।

आरोपी युवक गिरफ्तार

बालिका की शिकायत के बाद पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार करने में सफल रही। मोरवा थाना प्रभारी यू.पी. सिंह ने बताया कि आरोपी युवक शातिर बदमाश है जो पिछले महीने ही जेल से छूटा था। पुलिस ने बताया कि वह किशोरी को जान से मारने की धमकी भी देता था ताकि वह इस बारे में किसी को न बताए। आरोपी की धमकी से डरी किशोरी ने दुष्कर्म के बारे में कभी अपने परिजनों से भी नहीं बताया था।

बाघाडीह का रहने वाला है आरोपी

सरकारी कॉलेज में पढ़ने वाली दो लड़कियों के साथ छेड़खानी व अश्लील इशारे कर उनको परेशान करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि दोनों छात्राओं की शिकायत को पिछले एक सप्ताह से पुलिस दबाए बैठी थी, बुधवार को जब छात्राओं की शिकायत को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, उसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी युवक को बाघाडीह से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक सियाराम साहू 35 वर्ष बाघाडीह बरगवां का रहने वाला है। जो पहले से शादीशुदा है। आरोपी अपनी भतीजी को बाइक से कॉलेज छोड़ने आया-जाया करता था। एक दिन दोनों लड़कियों ने उससे लिफ्ट ली थी, तभी से वह उनको परेशान करने लगा।

कई लड़कियों से करता था छेड़छाड़

मनचले युवक को पकड़कर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी युवक कई अन्य लड़कियों से भी छेड़छाड़ करता था। लड़कियों ने लोक-लाज के डर से शिकायत नहीं की। आरोपी युवक की हरकतों से परेशान दो छात्राओं ने साहस दिखाया तो आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया। शहर के सरकारी कॉलेज और स्कूलों के पास तरह-तरह की बाइकों पर सवार होकर शहर भर के मनचले जमा होते हैं और आती-जाती लड़कियों को परेशान करते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button