झांकी दिखाने के बहाने 14 साल के बालक की बलि देने का प्रयास, चाकू से 9 वार कर मरा समझकर भागा आरोपी

ग्वालियर:मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के करहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिठौदन में एक 14 वर्षीय बालक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक बालक को माता की झांकी दिखाने के बहाने जंगल में ले गया और वहां नरबलि देने की बात कहकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिठौदन निवासी मनीष रावत का 14 वर्षीय बेटा निशांत 18 अक्टूबर को घर पर था। तभी पड़ोसी विक्की गौड़ उसे अपनी बाइक पर बैठाकर झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर मंदिर की पहाड़ी के समीप जंगल में ले गया। जंगल में पहुंचने पर जब निशांत ने कारण पूछा, तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह उसकी बलि देना चाहता है। इसके बाद उसने चाकू निकालकर बालक के गले पर चार वार सहित माथे व शरीर पर कुल नौ वार किए। इस दौरान चाकू तक टूट गया और बालक लहूलुहान होकर अचेत हो गया।
आरोपी बालक को मृत समझकर मौके से फरार हो गया। देर रात होश आने पर घायल निशांत किसी तरह पैदल अपने घर पहुंचा। खून से लथपथ बेटे को देख परिजन स्तब्ध रह गए और तत्काल उसे अस्पताल ले गए।
बालक के अनुसार, आरोपी ने उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति रामबरन की भी बलि देने की बात कही थी। अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।













