विवाद के बाद पिता-पुत्र को कार के बोनट पर 4 किमी तक दौड़ाया, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर रुकवाई गाड़ी

धार:मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में सड़क पर विवाद के बाद एक कार चालक की रूह कंपा देने वाली करतूत सामने आई है। कार की चपेट में आने से पैर में चोट लगने के बाद हुए विवाद के दौरान चालक ने पिता और उनके बेटे को कार के बोनट पर लटकाए रखा और लगभग 4 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा। पिता-पुत्र लगातार वाहन रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। अंततः ग्रामीणों ने पीछा कर लोनिया फाटा के पास गाड़ी को रुकवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति के पैर में चोट लग गई थी। इस पर जब पिता और पुत्र ने आपत्ति जताई, तो चालक से उनका विवाद हो गया। इसी गहमागहमी के बीच दोनों कार के बोनट पर पहुंच गए। चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और दोनों को बोनट पर लटकाए हुए करीब चार किलोमीटर तक मुख्य सड़क पर गाड़ी भगाता रहा। इस दौरान दोनों की जान बाल-बाल बची।
सड़क पर इस तरह पिता-पुत्र को लटका देख ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और वाहनों से पीछा कर कार को घेरकर रोका। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का अंदेशा जताया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कुक्षी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की चार धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













