घर बैठे कारोबारी के बैंक खाते से 3.70 लाख रुपये पार, 1930 पर शिकायत के बाद भी नहीं रुकी रकम

अहमदाबाद:डिजिटल ठगी का एक नया मामला अहमदाबाद में सामने आया है, जहां घर पर मौजूद एक गैराज कारोबारी के बैंक खाते में सेंध लगाकर अज्ञात ठगों ने 3.70 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित द्वारा तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद निकासी नहीं रोकी जा सकी, जिसके बाद कृष्णनगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
नवानरोडा स्थित सोमेश्वर पार्क सोसायटी निवासी 39 वर्षीय धर्मेश कुमार मगनलाल गजेरा (गैराज संचालक) 2 अक्टूबर की शाम घर पर थे। अचानक उनके मोबाइल पर आईसीआईसीआई बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। पहले 1.85 लाख और 1.10 लाख रुपये, इसके बाद 65 हजार और 9 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी हुई। कुल चार लेन-देन में करीब 3.70 लाख रुपये की राशि पार कर दी गई।
धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने बैंक प्रबंधन से संपर्क साधा और दिशा-निर्देशानुसार राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज की। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी पंजीकृत कराई। हालांकि, त्वरित सूचना देने के बाद भी ट्रांजैक्शन होल्ड नहीं हो सका।
इसके बाद पीड़ित ने कृष्णनगर पुलिस थाने पहुंचकर अज्ञात साइबर जालसाज के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन के ट्रेल और मोबाइल गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।













