तीन दिवसीय कांग्रेस सेवादल प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, कमलेश्वर पटेल ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का संदेश

सिंगरौली। जिला कांग्रेस सेवादल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य कमलेश्वर पटेल के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक रुपेश चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन, सेवा, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन कमलेश्वर पटेल के साथ मध्यप्रदेश सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, सेवादल के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्र, जिला कांग्रेस प्रभारी कविता पाण्डेय और जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और जनहित के मुद्दों पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस सेवादल पार्टी की रीढ़ है। सेवादल के कार्यकर्ता अनुशासन, सेवा और समर्पण के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने और जनसेवा के लिए तैयार करने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने कहा कि सेवादल का उद्देश्य अनुशासित, समर्पित और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति निष्ठा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वहीं राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्र ने कहा कि सेवादल की पहचान उसके अनुशासन, सेवा भावना और संगठन के प्रति समर्पण से है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच रहकर जनसमस्याओं को समझने और सेवा एवं संघर्ष के माध्यम से संगठन को सशक्त बनाने की अपील की।
जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक रुपेश चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि शिविर का सफल आयोजन वरिष्ठ नेताओं, वक्ताओं, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षार्थियों के सहयोग से संभव हुआ। तीन दिनों तक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण से मिली सीख को व्यवहार और संगठनात्मक कार्यों में उतारने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर सेवादल के शहर अध्यक्ष विद्या सागर वैश्य ने अतिथियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और प्रशिक्षार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने का संदेश लिया।













