देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 की मौत, 17 घायल

 

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। पिसावां थाना क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बरगांवा गांव निवासी हरिनाम के बेटे अभी का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर संपन्न हुआ था। कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिहानी मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए।

5 लोगों की मौत, 17 घायल

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर पिसावां और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महोली पहुंचाया गया। महोली सीएचसी में चिकित्सकों ने बरगांवा निवासी काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22), सुनीता (40) और एक अन्य महिला को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल 17 लोगों का उपचार जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक ही परिवार के मुंडन संस्कार से लौटते समय हुए इस हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।

Author

Related Articles

Back to top button