देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गाजियाबाद की पुलिस चौकी में जोरदार विस्फोट, डिलीवरी बॉय घायल; आतंकी संगठन के दावे की जांच में जुटी एटीएस

 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं। कांच के टुकड़े लगने से एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर भी मौजूद थे।

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम भी जांच में जुट गई है। टीम ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और विस्फोट से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की।

इस बीच सोशल मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन नामक संगठन की ओर से विस्फोट की जिम्मेदारी लेने संबंधी दावा सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही हैं।

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि विस्फोट का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट की प्रकृति और वजह का पता लगा रही है।

जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि धमाका किसी तकनीकी खराबी या अन्य वजह से हुआ अथवा इसके पीछे कोई साजिश है। सोशल मीडिया पर किए गए दावे को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button