ओरछा में गैस सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 12 लोग झुलसे; 3 की हालत गंभीर

**निवाड़ी।** मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर एक मकान में गैस सिलिंडर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन मोहल्ले के वार्ड नंबर-1 में हुए धमाके में एक ही परिवार के 12 सदस्य झुलस गए। घायलों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मकान कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सीएनजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान गैस में आग लग गई और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग भी घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
**तीन घायलों की हालत गंभीर**
धमाके में झुलसे सभी 12 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 3 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों में बच्चों के शामिल होने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सभी घायलों का यथार्थ अस्पताल में उपचार जारी है।
**पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा**
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद डायल 112 की मदद से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गैस रिसाव और सिलिंडर में विस्फोट के कारणों को लेकर प्रारंभिक आशंका जताई गई है। घटना की विस्तृत वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।













