बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी में 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रेलवे का वरिष्ठ अनुभाग अभियंता गिरफ्तार, 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत

 

जबलपुर। मध्य प्रदेश के कटनी में सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जबलपुर टीम ने रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अजयवीर सिंह न्यू कटनी जंक्शन पर वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (इलेक्ट्रिक-एम) के पद पर पदस्थ है। सीबीआई ने 5 नवंबर की रात ट्रैप कार्रवाई कर उसे रंगे हाथों पकड़ा। शुक्रवार को आरोपी को जबलपुर स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

सीबीआई के अनुसार, कटनी के श्याम मुखर्जी वार्ड निवासी शशांक कुशवाहा ने अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता रेलवे में ठेकेदार हैं और उनके कर्मचारी स्टेशन पर काम करते हैं। आरोप है कि कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद अजयवीर सिंह ने प्रति कर्मचारी 1,500 रुपये के हिसाब से रिश्वत मांगी थी। इस तरह कुल 45 हजार रुपये की मांग की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद 4 नवंबर को सीबीआई उपनिरीक्षक आयुष कुमार ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में आरोपों का सत्यापन किया। इस दौरान अधिकारी द्वारा 45 हजार रुपये मांगने की पुष्टि होने के बाद 5 नवंबर की रात भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की गई।

500 रुपये के 90 नोटों से बिछाया जाल

सीबीआई ने कार्रवाई से पहले कटनी पुलिस लाइन में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप की तैयारी की। शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने 500 रुपये के 90 नोट, कुल 45 हजार रुपये, टीम को उपलब्ध कराए। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपी ने तेजराम कुशवाहा से 45 हजार रुपये लिए। तय संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद उसे 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

Author

Related Articles

Back to top button