बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशरीवा

“किसान साल में सिर्फ 3 महीने करते हैं मेहनत, बाकी समय ताश और नशे में बिताते हैं”: रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर भड़के किसान

रीवा/मऊगंज:मध्य प्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा किसानों पर अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर चौतरफा घिर गए हैं। मऊगंज में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद ने मंच से कहा कि किसान साल में सिर्फ तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी के नौ महीने ताश खेलने और राजश्री, शराब व गांजा जैसी चीजों में समय बर्बाद करते हैं। सांसद के इस बयान के सामने आने के बाद किसान संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया है और उनका कड़ा विरोध शुरू हो गया है।

“खेती सालभर की अनवरत तपस्या, बयान अपमानजनक”

सांसद के इस बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए क्षत्रिय किसान राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि खेती-किसानी महज बुवाई और कटाई तक सीमित नहीं है। खेत तैयार करने से लेकर बीज-खाद की व्यवस्था, लगातार सिंचाई, कीटों से फसलों की सुरक्षा, रखवाली और कटाई तक किसान को पूरे 12 महीने पसीना बहाना पड़ता है। विभिन्न फसलों और मौसम चक्र के अनुसार किसान एक दिन भी निश्चिंत नहीं बैठता। ऐसे में अन्नदाता की सालभर की कड़ी मेहनत को सिर्फ तीन महीने तक सीमित बताना और बाकी समय नशे व ताश में लिप्त बताना पूरी तरह निराधार व अपमानजनक है।

मौसम की मार और आर्थिक संकट से जूझता है अन्नदाता

किसानों का कहना है कि वे दिन-रात प्राकृतिक और आर्थिक चुनौतियों से जूझते रहते हैं। कभी सूखा, कभी अतिवृष्टि तो कभी बेमौसम ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हो जाती हैं। इसके अलावा खाद-बीज की बढ़ती कीमतें, महंगा डीजल और अंत में उपज का वाजिब दाम न मिलना किसानों की कमर तोड़ देता है।

ऐसी विषम परिस्थितियों में भी देश का पेट भरने वाले किसानों की वास्तविक स्थिति की अनदेखी कर इस प्रकार की अशोभनीय टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद जनार्दन मिश्रा के इस बयान को लेकर किसानों में गहरी नाराजगी है और यह मामला अब विंध्य क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में गरमा गया है।

Author

Related Articles

Back to top button