बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में जीटी एक्सप्रेस से 500 ग्राम कोकीन के साथ विदेशी महिला गिरफ्तार; चेन्नई से दिल्ली जा रही थी खेप, डीआरआई जांच में जुटी

भोपाल:मध्य प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत भोपाल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी, आरपीएफ और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की संयुक्त टीम ने जीटी एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच से 500 ग्राम कोकीन के साथ एक विदेशी महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर दबिश, सेकंड एसी कोच से पकड़ा

सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया इनपुट मिला था कि ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की तस्दीक होते ही सोमवार शाम करीब 7:45 बजे जैसे ही जीटी एक्सप्रेस भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची, संयुक्त टीम ने सेकंड एसी कोच में सुनियोजित दबिश दी। तलाशी के दौरान संदिग्ध विदेशी महिला के सामान से करीब 500 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई, जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

चेन्नई से दिल्ली तक जुड़ा नेटवर्क, डीआरआई को सौंपा

शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला चेन्नई से सवार होकर दिल्ली जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि यह खेप दिल्ली में किसी बड़े सिंडिकेट या रिसीवर तक पहुंचाई जानी थी। यह भी जांच का विषय है कि महिला इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का मुख्य हिस्सा है या महज कमीशन पर काम करने वाली कैरियर। गिरफ्तारी के उपरांत महिला को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए डीआरआई के सुपुर्द कर दिया गया है।

डीआरआई अब महिला के मोबाइल संपर्कों, यात्रा इतिहास और स्थानीय संपर्कों की पड़ताल कर रही है, ताकि कोकीन के मुख्य स्रोत और दिल्ली में मौजूद खरीदारों तक पहुंचा जा सके। इसके साथ ही इस बिंदु पर भी नजर रखी जा रही है कि कहीं इस खेप का कोई हिस्सा भोपाल या आसपास के इलाकों में तो सप्लाई नहीं होना था।

Author

Related Articles

Back to top button