पहाड़ों में बर्फबारी से बदला मौसम, मैदानी राज्यों में बढ़ी ठंड, कई शहरों में कोहरे का असर

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय कई शहरों में कोहरा और धुंध छाने लगी है। मौसम के बदलते मिजाज से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
पंजाब में शुक्रवार सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। कुछ शहरों में हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ गई। मध्य प्रदेश में गुरुवार रात 20 शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। शुक्रवार सुबह लखनऊ और कानपुर समेत करीब 20 शहरों में कोहरा देखने को मिला। हरदोई में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। प्रदेश के 7 जिलों में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 3,200 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार सुबह केदारनाथ में तापमान माइनस 8 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 7 डिग्री, गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में शनिवार और रविवार को बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 18 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में गिरते तापमान के कारण आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। सुबह और रात के समय लोगों को ठंड के साथ कोहरे का भी सामना करना पड़ सकता है।













