माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप, आउटलुक और टीम्स पर पड़ा असर; एक लाख से ज्यादा यूजर्स ने की शिकायत

नई दिल्ली। भारत समेत दुनिया के कई देशों में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप पड़ने से लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। आउटेज के कारण आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स समेत कंपनी के कई प्रमुख प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए। इसका असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक की एआई सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी देखने को मिला।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, आउटलुक से जुड़ी समस्याओं को लेकर एकलाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। यूजर्स ने ईमेल और अन्य सेवाओं के इस्तेमाल में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या को स्वीकार करते हुए कहा कि सेवाओं को जल्द बहाल करने और आउटेज के प्रभाव को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी अपने एडमिन सेंटर के माध्यम से लगातार अपडेट भी जारी कर रही है।
सर्वरों पर अचानक बढ़ा दबाव, ट्रैफिक डायवर्ट किया
माइक्रोसॉफ्ट के शुरुआती आकलन के अनुसार, बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक ठप होने से यह समस्या पैदा हुई। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आउटेज की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कंपनी ने बताया कि उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर अत्यधिक लोड पड़ने के कारण सेवाओं की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कंपनी ने ट्रैफिक को अपने वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर के दूसरे हिस्सों में डायवर्ट करना शुरू किया। इसके साथ ही नए डिप्लॉयमेंट रोकने, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर से ट्रैफिक हटाने और सर्वरों को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
डिफेंडर एक्सडीआर भी हुआ प्रभावित
इस आउटेज का असर माइक्रोसॉफ्ट के सुरक्षा सिस्टम डिफेंडर एक्सडीआर पर भी पड़ा। इससे पहले कंपनी ने उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स की सेवा में आई समस्या का समाधान करने का दावा किया था। हालांकि, बाद में कंपनी ने स्पष्ट किया कि कनेक्टिविटी संबंधी परेशानियों का असर अन्य क्षेत्रों में माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल कंपनी की ओर से आउटेज के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर डिजिटल सेवाओं के लिए क्लाउड और सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भरता को सामने ला दिया है।













