देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड

 

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस दौरान डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल प्रशिक्षकों, साहसिक खेलों से जुड़े खिलाड़ियों और खेल प्रोत्साहन के क्षेत्र में योगदान देने वाली संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।

 

तेजस्विन शंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। वहीं दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। फाइनल में उन्होंने अपनी ही देश की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को रैपिड टाई-ब्रेक में 1.5-0.5 से हराया था।

 

इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार

 

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं। इनके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी सम्मानित किया गया। बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद जापान मास्टर्स टूर्नामेंट के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सकीं।

 

अनुभवी भारतीय फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया गया। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के बाद भी खेलों के विकास और प्रोत्साहन में योगदान जारी रखा है।

 

कोचों और साहसिक खिलाड़ियों का भी सम्मान

 

द्रोणाचार्य पुरस्कार से एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया।

 

वहीं तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के तहत बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन को लैंड एडवेंचर, रिमो साहा को वॉटर एडवेंचर तथा शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मान मिला।

 

पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। संस्था की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति से यह सम्मान ग्रहण किया।

 

गौरतलब है कि राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के विजेताओं की अंतिम सूची खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को जारी की थी। चयन समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा ने की थी। आमतौर पर ये पुरस्कार 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर प्रदान किए जाते हैं, लेकिन इस बार समारोह में एक साल से अधिक की देरी हुई।

 

Author

Related Articles

Back to top button