देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी विलय की चर्चा खत्म, सुप्रिया सुले बोलीं- अब तक नहीं मिला कोई प्रस्ताव

 

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दोनों गुटों के विलय को लेकर न तो उन्हें कोई औपचारिक प्रस्ताव मिला है और न ही किसी ने उनसे इस संबंध में संपर्क किया है। सुप्रिया सुले ने कहा कि उनके भाई और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों को एक करने पर बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन 28 जनवरी 2026 को विमान दुर्घटना में उनके निधन के बाद उनकी ओर से यह मामला समाप्त हो चुका है।

 

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार के रहते एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने को लेकर चर्चा हुई थी। 17 जनवरी को गोविंदबाग में हुई बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस बैठक का वीडियो भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। उस समय दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन अजित पवार के निधन के बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं।

 

12 फरवरी को हो सकता था दोनों गुटों का विलय

 

एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर 12 फरवरी की तारीख भी काफी चर्चा में रही है। महाराष्ट्र एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दावा किया था कि यदि अजित पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय 12 फरवरी को हो सकता था। उनके मुताबिक, अजित पवार ने विलय की संभावित तारीख और एकजुटता के लिए तैयार किए जा रहे फॉर्मूले की जानकारी उन्हें दी थी। हालांकि, उन्होंने भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर कोई औपचारिक प्रस्ताव या सक्रिय बातचीत नहीं चल रही है।

 

अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं

 

दोनों गुटों के विलय की अटकलें उस समय तेज हुई थीं, जब 1 नवंबर को एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे सहित अन्य नेता शामिल थे। इसके बाद शरद पवार खेमे के नेताओं से मुलाकातों का सिलसिला भी चर्चा में आया। राजनीतिक गलियारों में इसे दोनों गुटों को फिर एक मंच पर लाने की संभावित कोशिश के रूप में देखा जाने लगा। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस मुलाकात पर टिप्पणी करने से परहेज किया।

 

2023 में दो हिस्सों में बंट गई थी एनसीपी

 

गौरतलब है कि जुलाई 2023 में अजित पवार ने शरद पवार से अलग होकर पार्टी के बड़े धड़े के साथ महाराष्ट्र की तत्कालीन सरकार में शामिल होने का फैसला किया था। इसके बाद एनसीपी दो गुटों में बंट गई थी। अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को पार्टी का मूल नाम और चुनाव चिह्न मिला, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नाम दिया गया।

 

अब अजित पवार के निधन के बाद दोनों गुटों के नेतृत्व और राजनीतिक भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने भी विलय के सवाल पर उचित समय आने पर स्थिति स्पष्ट होने की बात कही थी। फिलहाल सुप्रिया सुले और सुनील तटकरे के बयानों से यही संकेत मिल रहा है कि दोनों गुटों के बीच विलय की कोई तत्काल प्रक्रिया नहीं चल रही है। आने वाले दिनों में शरद पवार और सुनेत्रा पवार की भूमिका पर महाराष्ट्र की राजनीति की नजर रहेगी।

 

Author

Related Articles

Back to top button