दूध के बाद अब दही-लस्सी भी महंगी, अमूल ने बढ़ाए दाम; 14 नवंबर से नई दरें लागू

नई दिल्ली। महंगाई से परेशान उपभोक्ताओं को अमूल ने एक और झटका दिया है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कंपनी ने अब दही और लस्सी के दाम भी बढ़ा दिए हैं। नई दरें 14 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके तहत 1 किलो अमूल मस्ती दही के लिए ग्राहकों को अब 5 रुपये और 380 ग्राम के पैकेट के लिए 2 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
दही के पैकेट पर बढ़े दाम
अमूल ने अलग-अलग पैक में मिलने वाले दही की कीमतों में बढ़ोतरी की है। 1 किलो अमूल मस्ती दही अब 80 रुपये के बजाय 85 रुपये में मिलेगा। वहीं, 380 ग्राम का पैकेट 35 रुपये से बढ़कर 37 रुपये का हो गया है। कंपनी ने लस्सी की कीमतों में भी इजाफा किया है।
पहले दूध के दाम भी बढ़ाए
इससे पहले अमूल ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अमूल ताजा टोंड दूध 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये और अमूल गोल्ड 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये प्रति लीटर हो गया। इस साल दूध की कीमतों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी बताई गई थी। इससे पहले कंपनी घी और मक्खन के दाम भी बढ़ा चुकी है।
उत्पादन लागत बढ़ने का असर
डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह पशु चारा, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की लागत में इजाफा बताया जा रहा है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के अनुसार, असमान बारिश का असर भी उत्पादन लागत पर पड़ा है। लगातार बढ़ती लागत के चलते दूध के साथ दही और लस्सी जैसे उत्पाद भी महंगे हो रहे हैं, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।













