तरनतारन में तीर्थ यात्रा की 2 बसों में भीषण टक्कर, 4 श्रद्धालुओं की मौत; 10 की हालत गंभीर

तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले में जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की 2 बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। नौशहरा पन्नूआं के पास हुए इस हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बसें फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को लेकर अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब जा रही थीं। नौशहरा पन्नूआं के पास डिवाइडर के बीच से गुजर रहे एक बाइक सवार को बचाने के लिए आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी। डॉक्टरों को इमरजेंसी वार्ड में तैनात किया गया है और घायलों का उपचार जारी है।
ट्रैफिक जाम में फंसीं 3 एंबुलेंस
घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ट्रैफिक जाम के कारण 3 एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर भेज दी गई थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।













