देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित; 192 लोग थे सवार

पुणे। पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आ गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 (VT-IZE) ने पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है और बाहर की स्थिति में ही अटका हुआ है। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने भारतीय वायु सेना सहित संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, एम्बुलेंस और बचाव दल रनवे के पास तैनात किए गए।

कम ऊंचाई पर उड़ाकर की गई जांच

लैंडिंग गियर की स्थिति का पता लगाने के लिए विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बाहर निकले लैंडिंग गियर का निरीक्षण किया। आवश्यक जांच के बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

इसके बाद 3 फायर-फाइटिंग वाहनों और 2 एम्बुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद सुबह 9:10 बजे एटीसी ने फुल इमरजेंसी समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद एयरोब्रिज के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वैकल्पिक विमान से गुवाहाटी भेजे जाएंगे यात्री

घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो बेंगलुरु से पुणे एक वैकल्पिक विमान भेजने की व्यवस्था कर रही है। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारतीय वायु सेना, एटीसी, इंडिगो और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने समन्वय के साथ काम किया। फिलहाल, तकनीकी खराबी के कारणों को लेकर इंडिगो की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button