रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के मामले में महिला समेत 2 गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। राजस्थान एटीएस, राजस्थान पुलिस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर दोनों को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए राजस्थान लाया गया है।
रेलवे ट्रैक पर यह विस्फोट 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी गांव के पास हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर शुरू हुई जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका की आशंका भी जताई गई है।
पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर विस्फोट का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे ‘शाह’ नाम के एक हैंडलर ने दोनों आरोपियों को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने का निर्देश दिया था। पुलिस का आरोप है कि साजिश के तहत रेलवे लाइन पर आईईडी लगाकर यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की योजना थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर हैंडलर के निर्देश पर विस्फोट किया। हालांकि, धमाके के समय तक ट्रेन घटनास्थल से गुजर चुकी थी, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
महिला के बैंक खाते में पाकिस्तान से रकम आने के संकेत
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान महकदीप कौर के बैंक खाते में पाकिस्तान से रकम भेजे जाने के संकेत मिले हैं। आरोपियों को पाकिस्तान से हथियार उपलब्ध कराए जाने की आशंका भी जताई गई है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से 2 पिस्तौल और 46 कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां हथियारों और रकम की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने में जुटी हैं।
अन्य संदिग्धों की भी तलाश
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने मामले का दायरा बढ़ा दिया है। आरोपियों को स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है। इस सिलसिले में कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी खबर है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट की योजना कहां तैयार हुई, पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर से आरोपियों का संपर्क कैसे हुआ और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।













