देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब में शादी से लौट रहे लोगों की कार पिकअप से टकराई, 5 की मौत, 11 घायल

कार में सवार थे 16 लोग, मृतकों में 3 नाबालिग शामिल; गांव थेह कलंदर के पास हुआ भीषण हादसा

फाजिल्का। पंजाब के फाजिल्का जिले में रविवार रात कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। मृतकों में 3 नाबालिग भी शामिल हैं। हादसा गांव थेह कलंदर के पास हुआ। कार में सवार सभी 16 लोग शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग गांव तिवाना कलां के निवासी थे। वे गांव करणी खेड़ा में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटते समय उनकी कार की पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद कार में फंसे यात्री

हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदकोट सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जलालाबाद के विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है और सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मृतकों में देसो बाई और गुरलीन कौर शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है। सरकारी अस्पताल के मेडिकल अधिकारी ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद गांव तिवाना कलां में शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button