छोटी पहचानों को बढ़ावा देकर समाज में विभाजन के प्रयास चिंताजनक: मोहन भागवत
जोधपुर में ‘मरु निनाद-2026’ घोष शिविर को किया संबोधित, सामाजिक एकता, अनुशासन और चरित्र निर्माण पर दिया जोर

जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने भारत की एकता और सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि छोटी-छोटी पहचानों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच टकराव पैदा करने के प्रयास चिंताजनक हैं। उन्होंने ऐसी प्रवृत्तियों की तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से करते हुए समाज को सतर्क रहने का आह्वान किया।
रविवार को राजस्थान के जोधपुर स्थित शिकरपुरा के राजाराम आश्रम में आयोजित आरएसएस के ‘मरु निनाद-2026’ घोष शिविर को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि भारत दुनिया की आशाओं का केंद्र है और देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ वैश्विक ताकतें भारत को एक महान राष्ट्र के रूप में स्थापित होते नहीं देखना चाहतीं। उनके अनुसार, देश को कमजोर करने के लिए सामाजिक विभाजन और आपसी संघर्ष को बढ़ावा देने की कोशिशें की जा रही हैं।
स्वार्थ और अहंकार छोड़कर संगठित होने की जरूरत
भागवत ने कहा कि सामाजिक एकता केवल विचारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि लोगों के व्यवहार में भी सहयोग, अनुशासन और समर्पण दिखाई देना चाहिए। समाज को स्वार्थ, अहंकार और छोटे-छोटे मतभेदों से ऊपर उठकर व्यापक राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने धर्म आधारित जीवन-दृष्टि और राष्ट्रसेवा को सामाजिक संगठन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
महाभारत के उदाहरण से समझाया संगठन का महत्व
अपने संबोधन में भागवत ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि कौरवों के पास 11 अक्षौहिणी सेना और भीष्म, द्रोणाचार्य, कर्ण तथा अश्वत्थामा जैसे योद्धा थे, जबकि पांडवों के पास 7 अक्षौहिणी सेना थी। इसके बावजूद पांडवों ने आपसी एकता और सामंजस्य के बल पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि केवल संख्या और संसाधन सफलता की गारंटी नहीं होते, बल्कि संगठन, विश्वास और तालमेल भी महत्वपूर्ण होते हैं।
हर गांव और मोहल्ले में निस्वार्थ कार्यकर्ताओं की जरूरत
भागवत ने सामाजिक नेतृत्व की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गांव, गली और मोहल्ले में 25 से 100 ऐसे निस्वार्थ और चरित्रवान लोगों की जरूरत है, जो सुख-दुख में समाज के साथ खड़े रहें। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों की आवश्यकता है। उनके मुताबिक, कर्म से आदत, आदत से स्वभाव और स्वभाव से चरित्र का निर्माण होता है।
घोष के माध्यम से अनुशासन और सामूहिकता का संदेश
आरएसएस के घोष कार्यक्रम की चर्चा करते हुए भागवत ने भारतीय परंपरा में शंखनाद और युद्ध संगीत के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण के पांचजन्य और अर्जुन के देवदत्त शंख का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि संघ के शुरुआती दौर में स्वयंसेवक ब्रिटिश सैन्य बैंड की धुनों से संगीत सीखते थे, लेकिन बाद में भारतीय शास्त्रीय संगीत के सिद्धांतों पर मौलिक घोष रचनाएं तैयार की गईं।
भागवत ने कहा कि घोष का उद्देश्य व्यक्तिगत प्रशंसा हासिल करना नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों में अनुशासन, निस्वार्थ भाव और सामूहिक तालमेल विकसित करना है। उनके संबोधन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक आत्मसम्मान, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा प्रमुख विषय रहे।













