देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरा

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अभियान की पुष्टि की, पुंछ के सावजियां सेक्टर में संदिग्ध हलचल पर सेना ने की फायरिंग

कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। आतंकवाद-रोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। जम्मू-कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर कार्रवाई कर रहे हैं। अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में साझा किए जाने की बात कही गई है।

पुंछ में एलओसी पर संदिग्ध हलचल, सेना ने की फायरिंग

इससे पहले सोमवार सुबह पुंछ जिले के सावजियां सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संदिग्ध हलचल देखे जाने के बाद सतर्क सैनिकों ने कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, कनारी इलाके में गतिविधि नजर आने पर जवानों ने छोटे हथियारों से करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की और क्षेत्र को घेर लिया।

इसके बाद किसी संभावित घुसपैठ की कोशिश का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा बल संदिग्ध हलचल की प्रकृति और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं। सावजियां सेक्टर को नियंत्रण रेखा पार से घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, इसलिए यहां सुरक्षा बल पहले से ही सतर्क हैं।

पहले भी आतंकवादी ठिकाने का हुआ था भंडाफोड़

इससे पहले 13 अक्टूबर को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने पुंछ के सुथरबन इलाके में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, 6 ग्रेनेड, 30 राउंड गोला-बारूद और खाने-पीने का सामान जब्त किया गया था।

फिलहाल कुलगाम में जारी मुठभेड़ और पुंछ में तलाशी अभियान को लेकर सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है। दोनों घटनाओं के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार है।

Author

Related Articles

Back to top button