बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

यूपी में बदलाव की मांग का दावा, कांग्रेस-इंडिया गठबंधन दिसंबर से शुरू करेगा चुनावी अभियान

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद इमरान मसूद, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित अन्य नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद खड़गे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश की जनता के सामने मजबूत विकल्प पेश करेगी।

कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि बैठक में पूरे प्रदेश में चुनाव अभियान की रूपरेखा पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह से तेज चुनावी अभियान शुरू किया जाएगा। उनके मुताबिक, पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत है।

सांसद इमरान मसूद ने भी बैठक को संगठन और चुनावी रणनीति पर केंद्रित बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर चर्चा नहीं हुई है। सीट शेयरिंग को लेकर अलग बैठक होगी, जिसके बाद ही इसका फार्मूला सामने आएगा।

कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर मसूद ने कहा कि फिलहाल सवाल सीटों की संख्या का नहीं, बल्कि मिलकर जीत दर्ज करने का है। पार्टी नेताओं के बयानों से स्पष्ट है कि कांग्रेस आगामी चुनाव के लिए संगठन और प्रचार अभियान को प्राथमिकता दे रही है।

Author

Related Articles

Back to top button