बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नौगढ़ छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना

व्रती महिलाओं को साड़ियों का वितरण, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद; सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम रही मुस्तैद

सिंगरौली। आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा पर वार्ड क्रमांक 45 स्थित नौगढ़ छठ घाट पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार अधिक संख्या में श्रद्धालु छठी मैया की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। शिव समिति वार्ड क्रमांक 45 नौगढ़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

हर वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी घाट पर भव्य आयोजन किया गया। नगर निगम प्रशासन, वार्ड पार्षद रामगोपाल पाल, वार्डवासियों और शिव समिति के सदस्यों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम में कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष रूपेश चंद्र पाण्डेय, राम शिरोमणि शाहवाल, भास्कर मिश्रा और अमित द्विवेदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

व्रती महिलाओं को साड़ी वितरण, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

आयोजन के दौरान जनप्रतिनिधियों के हाथों छठ व्रती माताओं एवं बहनों को साड़ियों का वितरण किया गया। वहीं हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। विमल म्यूजिकल ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। इस अवसर पर पार्षद रामगोपाल पाल ने जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

वार्डवासियों ने की पार्षद के प्रयासों की सराहना

छठ घाट पर उमड़ी भीड़ और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर वार्डवासियों ने पार्षद रामगोपाल पाल की सराहना की। उनका कहना था कि पार्षद वार्ड के विकास और जनहित के कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी सभी के सहयोग से वार्ड में विकास कार्य जारी रहेंगे।

मीडिया से चर्चा करते हुए पार्षद रामगोपाल पाल ने कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें सेवा और विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। उनका प्रयास रहेगा कि जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर वार्ड के विकास के लिए निरंतर काम किया जाए। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले वार्डवासियों, समिति सदस्यों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए पार्षद रामगोपाल पाल को जनसेवा और वार्ड के विकास के लिए इसी तरह सक्रिय रहने की शुभकामनाएं दीं।

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस और एसडीआरएफ

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होमगार्ड, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं। पूरे आयोजन स्थल पर निगरानी रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

Author

Related Articles

Back to top button