बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, कुल मतदाताओं की संख्या 13.58 करोड़ के पार

महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों से अधिक वृद्धि, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे नागरिक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को प्रदेश की आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसमें कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोक भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना में कुल मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख की वृद्धि हुई है।

इस अवधि में महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ी, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई। तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है। प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या का अनुपात 834 से बढ़कर 840 हो गया है। वहीं, मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया।

युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के केवल 11.83 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इस अंतर को कम करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए अलग-अलग आवेदन निर्धारित किए गए हैं।

फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।

फॉर्म-7: नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।

फॉर्म-8: नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन और निवास स्थान बदलने की जानकारी के लिए।

निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 दिसंबर तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

नवंबर में चार दिन विशेष अभियान

मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ड्राफ्ट सूची और आवेदन फॉर्म के साथ केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। नागरिक उनसे संपर्क कर अपना नाम और विवरण जांच सकेंगे तथा आवश्यक आवेदन जमा कर सकेंगे।

मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल पर भी सूची उपलब्ध रहेगी।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, पात्र नागरिक फॉर्म-6 के साथ निर्धारित फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज देकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, महिला स्वयं सहायता समूहों और सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का सहयोग भी लिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। किसी त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें, ताकि अंतिम सूची में सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जा सकें।

Author

Related Articles

Back to top button