देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आईपीएल 2027 से हटे ट्रेविस हेड, वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते एसआरएच को दी जानकारी

ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को बताया वजह, अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग जोड़ी टूटने से हैदराबाद को तलाशना होगा नया विकल्प

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत अगले सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया है। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड ने अपने इस फैसले की जानकारी एसआरएच प्रबंधन को दे दी है।

ऑस्ट्रेलिया का आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। आईपीएल के ठीक बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल संभावित है। इसके बाद जून से अगस्त तक एशेज सीरीज और अक्टूबर-नवंबर में वनडे विश्व कप 2027 होना है। इसी व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए हेड ने आईपीएल से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने अगस्त की शुरुआत में क्रिकइन्फो से बातचीत में कहा था कि टीम को आगामी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए कुछ महत्वपूर्ण फैसले लेने होंगे, क्योंकि कई प्राथमिकताएं सामने हैं।

2024 में 6.8 करोड़ में खरीदे गए थे हेड

ट्रेविस हेड पिछले तीन सीजन से एसआरएच का हिस्सा रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2024 की नीलामी में 6.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पहले ही सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, फाइनल में एसआरएच को कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले एसआरएच ने हेड को 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह टीम के पांच रिटेन किए गए खिलाड़ियों में शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल से रिलीज किए जाने की मंजूरी मिलने के बाद फ्रेंचाइजी को उनकी रिटेंशन राशि के अनुरूप रकम उपलब्ध हो सकेगी।

तीन सीजन में बनाए 1,351 रन

हेड ने आईपीएल 2024 में 567 रन, 2025 में 374 रन और 2026 में 410 रन बनाए। अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग जोड़ी को लीग की प्रभावशाली जोड़ियों में गिना जाता रहा है।

हेड के अगले सीजन से बाहर रहने के फैसले के बाद एसआरएच को अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए नया बल्लेबाज तलाशना होगा। टीम प्रबंधन के सामने अब ओपनिंग संयोजन तैयार करने की चुनौती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button