अररिया में नहर में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत; मृतकों में 4 नाबालिग
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी, तीखे मोड़ पर पुल की रेलिंग तोड़कर मरिया नदी में समाई गाड़ी; ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से निकाला वाहन

अररिया। बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अररिया-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास तेज मोड़ पर एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में 7 लोग सवार थे। सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे और सिकटी में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे थे।
तीखे मोड़ पर चालक ने खोया नियंत्रण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटिया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वापस लौटते समय बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़कर सीधे नदी में जा गिरी।
ग्रामीणों ने रस्सी और जेसीबी से निकाली गाड़ी
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। नदी में डूबी स्कॉर्पियो को रस्सी से बांधा गया और जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया। वाहन में सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में बचाया गया।
मृतकों में चार नाबालिग
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है। मृतकों में 4 नाबालिग शामिल हैं। एक साथ 6 लोगों की मौत से सुपौल जिले के थुमहा गांव में शोक का माहौल है। तिलक समारोह से लौट रहे लोगों के परिवारों की खुशियां इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













