इंदिरा गांधी की जयंती पर सोनिया ने साझा कीं यादें, प्रियंका बोलीं- दादी बेहद साहसी और अनुशासित थीं
पहली मुलाकात में सोनिया की घबराहट दूर करने के लिए इंदिरा ने फ्रेंच में की थी बातचीत, परिवार में सख्त अनुशासन के साथ बच्चों को देती थीं भरपूर प्यार

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। गुरुवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में सोनिया अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और नातिन मिराया वाड्रा के साथ बातचीत करती नजर आईं। उन्होंने इंदिरा गांधी को प्यार करने वाली, सौम्य और समझदार शख्सियत बताते हुए कहा कि वह दूसरों की परेशानी को समझकर सहजता से उसे दूर करने की कोशिश करती थीं।
सोनिया गांधी ने अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से मिलने को लेकर काफी घबराई हुई थीं। उनकी अंग्रेजी भी कमजोर थी। ऐसे में इंदिरा गांधी ने उनसे फ्रेंच में बातचीत की, जिससे उनकी झिझक कम हुई। सोनिया ने बताया कि इंदिरा उस समय लंदन से गुजर रही थीं और अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान उनसे मिलना चाहती थीं। पहले उन्होंने मिलने से मना कर दिया था, लेकिन बाद में खुद को तैयार कर मुलाकात के लिए पहुंचीं।
सोनिया ने कहा कि दुनिया इंदिरा गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में जानती थी, लेकिन घर में वह सबकी दादी थीं। उनमें कहानियां सुनाने का अंदाज, समझदारी और गजब का हास्यबोध था। उन्होंने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी सुबह जल्दी उठकर दिन की शुरुआत करती थीं और अपने काम के प्रति बेहद समर्पित थीं।
नए परिवार में ढलने का अनुभव भी किया साझा
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी से विवाह के बाद नए परिवार और जीवनशैली में खुद को ढालने के अनुभव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि शादी के बाद नए घर में आने वाली अधिकांश भारतीय लड़कियों की तरह उन्हें भी नए माहौल के अनुरूप ढलने में समय लगा। उनके लिए यह स्थिति कुछ अधिक चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने परिवार और उसकी परंपराओं को अपना लिया।
प्रियंका ने बताया दादी का सख्त और स्नेही स्वभाव
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी को परिवार में अनुशासन बनाए रखने वाली प्रमुख शख्सियत बताया। उन्होंने कहा कि घर में कई नियम थे और बच्चों से सही व्यवहार की अपेक्षा की जाती थी। इंदिरा गांधी इस मामले में सख्त थीं, लेकिन पोते-पोतियों के प्रति उनका व्यवहार बेहद कोमल और स्नेहपूर्ण रहता था। प्रियंका ने उन्हें शरारती स्वभाव वाली भी बताया।
प्रियंका के अनुसार, इंदिरा गांधी अपनी राजनीतिक और पेशेवर जिम्मेदारियों के बावजूद परिवार के साथ समय बिताने और भोजन के दौरान मौजूद रहने की कोशिश करती थीं। वह बच्चों से खूब बातें करती थीं और उन्हें इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम तथा अपने बचपन के किस्से सुनाती थीं। प्रियंका ने बताया कि इंदिरा गांधी उनसे जोन ऑफ आर्क के बारे में भी चर्चा करती थीं, जबकि राहुल गांधी से राजनीति से जुड़े विषयों पर बातचीत करती थीं।
दादी के साहस और प्रतिबद्धता से थीं प्रभावित
प्रियंका ने कहा कि बचपन में वह अपनी दादी की तरह बनना चाहती थीं। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी सख्त होने के साथ बेहद बहादुर और बुद्धिमान थीं। प्रियंका ने आजादी की लड़ाई के दौरान परिवार के जेल जाने के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के भीतर क्रांतिकारी भावना जीवनभर बनी रही।
उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए बड़े फैसले लेने के बावजूद इंदिरा गांधी के भीतर देश के प्रति वही जोश, प्रेम और प्रतिबद्धता थी। प्रियंका ने अपनी दादी के समर्पण, जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध को बेमिसाल बताया।













