देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

महिला हेड कांस्टेबल पर ASI की हत्या का आरोप, शव कार में रखकर जलाया; भाई समेत 4 गिरफ्तार

गुजरात के साबरकांठा में पुलिस विभाग से जुड़ा सनसनीखेज मामला, प्रेम संबंधों में विवाद को वारदात की वजह बता रही पुलिस; CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा

साबरकांठा। गुजरात के साबरकांठा जिले में एक महिला हेड कांस्टेबल पर अपने ही थाने में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या कर शव को कार में रखकर जलाने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों में विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया और पहचान छिपाने के लिए कार में आग लगा दी गई। मामले में महिला हेड कांस्टेबल सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने जांच के दौरान इस हत्याकांड का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा (37), उसका भाई कल्पेश कलसवा, पंकज और मनोज निनामा शामिल हैं।

ड्यूटी के लिए निकले ASI, फिर नहीं लौटे घर

मृतक की पहचान अरावली जिले के भिलोडा तालुका के जिंझोडी गांव निवासी अश्विन तबियाद के रूप में हुई है। वह चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे वह अपनी मारुति अर्टिगा कार लेकर ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

10 नवंबर को पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे जली हुई अर्टिगा कार मिली। कार के अंदर मानव अवशेष बरामद हुए। मृतक के पिता बाबू तबियाद ने आशंका जताई कि ये अवशेष उनके बेटे के हैं।

रिश्ता खत्म करने को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, अश्विन तबियाद और महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस का दावा है कि अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

आरोप है कि 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चिथोडा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया, जहां उनकी हत्या कर दी गई।

भाई और साथियों की मदद से शव ठिकाने लगाने का आरोप

अरावली के पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा के मुताबिक, हत्या के बाद अल्फा ने अपने भाई कल्पेश को फोन कर बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार से वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद तीनों ने शव को बोरे में बंद कर मकान में छिपा दिया।

बाद में मृतक की अर्टिगा कार को कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास सुनसान स्थान पर खड़ा किया गया। रात में कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को भी बुलाया। आरोप है कि चारों ने ईको कार से शव को वहां पहुंचाया और अर्टिगा में रख दिया।

इसके बाद मनोज अर्टिगा कार चलाकर पादरा गांव की ओर निकला, जबकि अल्फा और कल्पेश दूसरी कार से उसके पीछे चले। हथमाती नदी के पास पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस का कहना है कि इसका मकसद हत्या के साक्ष्य मिटाना और मृतक की पहचान छिपाना था।

CCTV फुटेज और पेट्रोल पंप से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने अरावली और साबरकांठा जिलों के विभिन्न इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया।

पुलिस को विजय नगर के एक पेट्रोल पंप से भी महत्वपूर्ण सुराग मिला, जहां आरोपियों द्वारा ईको कार के जरिए एक कैन में पेट्रोल खरीदने की जानकारी सामने आई। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button