झारखंड के 24 जिलों में बनेंगी 12,500 किलोमीटर सड़कें, ग्रामीण बसावटों को मिलेगी प्राथमिकता
पूर्वी सिंहभूम को सबसे बड़ा लक्ष्य, पलामू में 1,100 और गढ़वा में 1,000 किलोमीटर सड़क निर्माण की योजना; मुख्य मार्गों से वंचित गांवों पर रहेगा जोर

गोड्डा। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य के सभी 24 जिलों में सड़कें बनाई जाएंगी। योजना में उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में भी शामिल नहीं हैं।
ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग ने जिलावार निर्माण लक्ष्य तय किया है। इसके तहत पूर्वी सिंहभूम को सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। पलामू में 1,100, गढ़वा में 1,000, चतरा में 850 और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी।
पश्चिमी सिंहभूम में 750, हजारीबाग में 700 तथा बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर, जबकि देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। शेष जिलों के लिए भी जरूरत के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज, फल और सब्जियां बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे आवागमन का समय और परिवहन लागत कम होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। योजना का उद्देश्य टिकाऊ सड़कों का निर्माण करना है, ताकि ग्रामीण आबादी को लंबे समय तक बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।













