आधार और समग्र आईडी में एक ही मोबाइल नंबर जरूरी, दिसंबर से राशन लेने में हो सकती है परेशानी

भोपाल। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकारी राशन लेने वाले हितग्राहियों का दोबारा डिजिटल सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड और समग्र आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर एक समान करना अनिवार्य किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं के दोनों दस्तावेजों में अलग-अलग मोबाइल नंबर दर्ज हैं, उन्हें पहले नंबर अपडेट कराना होगा। ऐसा नहीं करने पर दिसंबर से राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।
नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में भोपाल से की जा रही है। अगले 10 दिनों में राजधानी में यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद इसे प्रदेश के अन्य जिलों में लागू किया जाएगा।
उचित मूल्य की दुकान पर भी अपडेट करानी होगी जानकारी
नई व्यवस्था के तहत आधार और समग्र आईडी में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज होना जरूरी होगा। नंबर एक समान कराने के बाद हितग्राहियों को उचित मूल्य की दुकान पर जाकर परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी भी अपडेट करानी होगी।
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार और समग्र आईडी एक ही मोबाइल नंबर से लिंक हो। ऐसा नहीं होने पर दिसंबर से राशन लेने में दिक्कत आ सकती है।
डिजिटल सत्यापन से होगी पात्रता की जांच
विभाग के मुताबिक, दोनों दस्तावेजों में अलग-अलग मोबाइल नंबर होने से हितग्राहियों और उनके परिवारों की जानकारी का मिलान करने में परेशानी आती है। नई व्यवस्था में दोनों दस्तावेजों को एक मोबाइल नंबर से जोड़ने के बाद हितग्राहियों का डेटा केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा (सीबीडीसी) आधारित राशन वितरण परियोजना से जोड़ा जाएगा।
इससे परिवार के सदस्यों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन आसान होगा। साथ ही यह भी जांचा जा सकेगा कि संबंधित हितग्राही और उसके परिवार के सदस्य राशन योजना की पात्रता शर्तें पूरी करते हैं या नहीं। सत्यापन में अपात्र पाए जाने वाले लोगों के नाम योजना की सूची से हटाए जा सकेंगे।
पिछले साल 17.95 लाख से अधिक नाम हटे
मध्य प्रदेश में वर्ष 2025 के दौरान बीपीएल और राशन योजना के लाभार्थियों का सत्यापन अभियान चलाया गया था। इसके बाद 17 लाख 95 हजार से अधिक हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए गए थे।
प्रदेश में सरकारी राशन प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 5 करोड़ 26 लाख से अधिक बताई गई है। मार्च 2025 में केंद्र सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राशन लाभार्थियों की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर था, जहां करीब 14.75 करोड़ लोग योजना का लाभ ले रहे थे। बिहार दूसरे और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर था।













