बरमान घाट से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत; 15 से अधिक घायल

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना देवरी क्षेत्र के गौरझामर थाना अंतर्गत नीम घाटी के पास हुई। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। करीब 10 घायलों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की गई।
दर्शन कर गांव लौट रहे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, बांदरी के पास स्थित ग्राम गड़ौला गोसाई के ग्रामीण बरमान घाट पर दर्शन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नीम घाटी के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली में बड़ी संख्या में ग्रामीण सवार थे। पलटने के बाद कई लोग उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौत हो गई। मृतक और घायल सभी ग्राम गड़ौला गोसाई के निवासी बताए जा रहे हैं।
अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सागर भेजने की तैयारी की गई।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।













