मानहानि केस में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

नई दिल्ली। दिल्ली की साकेत अदालत ने 8 साल पुराने आपराधिक मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने यह आदेश उनके सुनवाई में पेश नहीं होने और बार-बार समन व वारंट की तामील में आ रही दिक्कतों को देखते हुए दिया। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।
यह मामला वर्ष 2018 में जारी ध्रुव राठी के वीडियो ‘भाजपा आईटी सेल पार्ट 2’ से जुड़ा है। सोशल मीडिया पेज ‘आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी’ के संस्थापक विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे ने आरोप लगाया था कि वीडियो के जरिए उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया।
पहले जारी जमानती वारंट भी नहीं हो सके तामील
अदालत ने 31 अक्टूबर को भी ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था और इसे उनके गुरुग्राम स्थित पते पर तामील कराने का निर्देश दिया था, लेकिन इसकी तामील नहीं हो सकी। इससे पहले 17 अक्टूबर को भी जमानती वारंट जारी किया गया था। उस समय अदालत को बताया गया था कि उनके घर पर ताला लगा होने के कारण समन तामील नहीं हो पाया।
17 अक्टूबर के वारंट की तामील भी नहीं हो सकी थी। अदालत को जानकारी दी गई कि वारंट ऑस्ट्रिया के गलत पते पर भेज दिया गया था। शिकायतकर्ता की ओर से कहा गया है कि ध्रुव राठी के लगातार भारत से बाहर रहने के कारण कार्यवाही में देरी हो रही है।
केजरीवाल ने रीट्वीट को बताया था गलती
इस मामले में वर्ष 2018 में आम आदमी पार्टी के तत्कालीन संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी ध्रुव राठी के वीडियो को रीट्वीट किया था। बाद में फरवरी 2024 में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के सामने स्वीकार किया था कि वीडियो साझा करना उनसे हुई गलती थी।
केजरीवाल ने रीट्वीट से जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में अपने खिलाफ जारी समन को चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके खिलाफ ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी।
2019 से लंबित है मामला
ध्रुव राठी के खिलाफ कार्यवाही वर्ष 2019 से लंबित है। अदालत के समक्ष समन और वारंट की तामील में बार-बार आ रही बाधाओं का मुद्दा उठता रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इससे पहले केजरीवाल के खिलाफ समन जारी करने के आदेश को बरकरार रखा था। हाईकोर्ट ने कहा था कि कथित मानहानिकारक सामग्री को रीट्वीट करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 499 के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।
गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद अब मामले में 3 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी।













