देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भारत-रूस के बीच मुक्त व्यापार समझौते की पहल, 59.86 अरब डॉलर के कारोबार को मिलेगा विस्तार

नई दिल्ली। भारत और रूस के बीच दशकों पुराने रणनीतिक और कारोबारी संबंधों को नई दिशा देने की पहल तेज होती दिख रही है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) करने की इच्छा जताई है। उन्होंने भारत को बड़ा बाजार बताते हुए कहा कि रूस दोनों देशों के बीच व्यापारिक संभावनाओं का लाभ उठाना चाहता है।

चीन के शेन्जेन में आयोजित एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन ने भारत और रूस के नेतृत्व वाले यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (ईएईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया तेज करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था का केंद्र तेजी से एशिया-प्रशांत क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है और भारत इस क्षेत्र का एक प्रमुख बाजार है।

मोदी-पुतिन की मुलाकात में भी हुई थी चर्चा

इस वर्ष सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात के दौरान भी मुक्त व्यापार समझौते के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। पुतिन के मुताबिक, पिछले 3 वर्षों में रूस के मौजूदा व्यापार समझौतों के दायरे में आने वाला बाजार तीन गुना बढ़ा है। पहले यह करीब 18.5 करोड़ लोगों तक सीमित था, जो अब बढ़कर 57 करोड़ लोगों तक पहुंच गया है।

59.86 अरब डॉलर तक पहुंचा द्विपक्षीय कारोबार

भारत और रूस के बीच वर्ष 2025-26 में कुल द्विपक्षीय कारोबार करीब 59.86 अरब डॉलर यानी लगभग 5.5 लाख करोड़ रुपये रहा। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार का संतुलन भारत के पक्ष में नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत ने रूस को करीब 5 अरब डॉलर के उत्पादों का निर्यात किया, जबकि रूस से लगभग 55 अरब डॉलर का आयात किया गया। इस तरह भारत को करीब 50 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ।

मुक्त व्यापार समझौता होने पर भारतीय उत्पादों को रूसी बाजार में बेहतर पहुंच मिलने और निर्यात बढ़ने की उम्मीद है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करने के साथ व्यापार संतुलन सुधारने के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button